Badaun News: धू-धू कर जली तेज रफ्तार पिकअप, चालक ने कूदकर बचाई जान


शिखर संवाद ब्यूरो- देवेश कुमार मिश्रा, संपादक 

Badaun News : बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन चलती सड़क पर आग का गोला बन गया। राज बरौलिया गांव के पास शॉर्ट सर्किट के चलते इंजन में उठी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते जलते वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उघैती थाना क्षेत्र के ग्राम घनसोली निवासी इब्ने हसन पुत्र इसरार अपनी पिकअप लेकर नरेनी चौराहे से अपने घर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह राज बरौलिया गांव के समीप पहुंचा, अचानक वाहन के इंजन में स्पार्किंग हुई और लपटें उठने लगीं। तेज रफ्तार होने के कारण हवा के दबाव से आग ने चंद सेकंडों में पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। राहगीरों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन चालक इब्ने हसन ने सूझबूझ दिखाई और चलती गाड़ी से बाहर कूद गया। सूचना मिलते ही उघैती थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। फिलहाल, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, मगर वाहन मालिक को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ